महाराष्ट्र में कौन मुख्यमंत्री बनेगा इसको लेकर पिछले एक हफ्ते से खींचतान जारी है। भाजपा और शिवसेना दोनों ही दल के नेता अपना मुख्यमंत्री चाहते हैं। दोनों दल मध्यस्थों के जरिये लगातार संपर्क में हैं। भाजपा ने साफ कर दिया है कि वह किसी कीमत पर कार्यकाल बंटवारे और सीएम पद की मांग नहीं मानेगी। इसे देखते हुए दोनों तरफ से मध्यस्थता में लगे नेता सम्मानजनक रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक ये तय नहीं हो पाया है कि इस बार महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री कौन होगा। इस बीच अभिनेता अनिल कपूर को 'मुख्यमंत्री' बनाने की मांग उठ गई है। जी हां, दरअसल भाजपा और शिवसेना के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई रजामंदी ना बनने पर अब विजय गुप्ता नाम के एक ट्विटर हैंडल ने महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट में लिखा है कि जब तक महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री तय नहीं हो जाता है तब तक के लिए अभिनेता अनिल कपूर को मुख्यमंत्री बना देना चाहिए। विजय गुप्ता ने लिखा, 'महाराष्ट्र में जब तक कोई रास्ता नहीं निकलता तब तक अनिल कपूर को ही मुख्यमंत्री बना कर देख लेते हैं। पर्दे पर उनके एक दिन का कार्यकाल पूरे देश ने देखा है और सराहा है। देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे क्या सोच रहे हैं ??' विजय ने अपने ट्वीट में अनिल कपूर की फिल्म नायक से जुड़ी उनकी तस्वीर साझा की है। महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति पर किया गया ये कटाक्ष सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कई यूजर्स इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इतना ही नहीं अभिनेता अनिल कपूर ने भी इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। विजय के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए अनिल कपूर ने लिखा- 'मैं नायक ही ठीक हूं।' अनिल कपूर के फैंस उनकी प्रतिक्रिया पर अपनी राय दे रहे हैं। बात करें अनिल कपूर की फिल्म नायक की तो फिल्म साल 2001 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। राजनीतिक ड्रामा से भूरपूर इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म नायक में अनिल कपूर के किरदार का नाम शिवाजी राव होता है और इस फिल्म में वह एक दिन के मुख्यमंत्री का किरदार निभाते हैं। इस फिल्म में अनिल कपूर के साथ अभिनेत्री रानी मुखर्जी, अमरीश पुरी, सौरभ शुक्ला और जॉनी लीवर जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म का निर्देशन एस.शंकर ने किया था।
अनिल कपूर को महाराष्ट्र का CM बनाना चाहते हैं सोशल मीडिया यूजर्स, अभिनेता ने ऐसे दिया जवाब